Hindi Patrika

EPFO अपडेट: 33.56 करोड़ कर्मचारियों को मिला 8.25% ब्याज, क्या आपने चेक किया अपना खाता?

Published on July 9, 2025 by Priti Kumari

देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए राहतभरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपने सदस्यों के खातों में 8.25% की दर से ब्याज ट्रांसफर कर दिया है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 13.88 लाख कंपनियों के 33.56 करोड़ खातों में से 32.39 करोड़ खातों को अपडेट कर दिया गया है।

जल्दी पूरी हुई प्रोसेसिंग, जून में ही खत्म हुआ काम

पिछले वर्षों की तुलना में इस बार ब्याज ट्रांसफर की प्रक्रिया कहीं ज्यादा तेज़ रही। जहाँ पहले यह प्रक्रिया अगस्त से दिसंबर तक चलती थी, वहीं इस बार यह जून में ही पूरी कर ली गई। मंत्री मंडाविया ने कहा, “ब्याज भुगतान की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए प्रोसेसिंग सिस्टम को अपग्रेड किया गया है।”

2024-25 में 8.25% की ब्याज दर

केंद्र सरकार ने 22 मई 2025 को ईपीएफ खाताधारकों के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दी थी। इसके बाद, EPFO ने 6 जून की रात से ही वार्षिक खातों को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। अब तक इस दिशा में 96.51% कर्मचारियों और 99.9% कंपनियों के खाते अपडेट किए जा चुके हैं।

शेष खाते इसी सप्ताह होंगे अपडेट

मंत्री ने आश्वस्त किया है कि “जो खाते अभी बचे हुए हैं, उन्हें इसी सप्ताह के भीतर अपडेट कर दिया जाएगा।” यानी अगर आपका खाता अब तक अपडेट नहीं हुआ है, तो अगले कुछ दिनों में यह कार्य पूर्ण हो जाएगा।

कैसे चेक करें अपना PF अकाउंट?

यदि आप भी EPFO सदस्य हैं, तो आप अपने खाते में ब्याज जमा हुआ है या नहीं, इसे निम्न माध्यमों से चेक कर सकते हैं:

  1. EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर UAN लॉगिन से चेक करें।

  2. UMANG ऐप से PF बैलेंस देखें।

  3. SMS द्वारा - टाइप करें: EPFOHO UAN ENG और भेजें 7738299899 पर।

  4. Missed Call सेवा - 9966044425 पर मिस्ड कॉल दें (UAN से लिंक मोबाइल होना जरूरी है)।

क्या है EPFO?

EPFO (Employees' Provident Fund Organisation) देश का सबसे बड़ा सामाजिक सुरक्षा संगठन है, जो लाखों कर्मचारियों की भविष्य निधि का प्रबंधन करता है। हर साल, सरकार की सिफारिश पर तय ब्याज दर के अनुसार खातों में राशि जमा की जाती है।


Categories: अर्थव्यवस्था समाचार