
तीन-चार साल में आठ करोड़ नौकरियां दीं: प्रधानमंत्री मोदी, महाराष्ट्र में 29 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू कीं
Published on July 14, 2024 by Vivek Kumar
[caption id="attachment_5712" align="alignnone" width="900"]
Prime Minister Narendra Modi with Maharashtra Chief Minister Eknath Shinde and Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis in Mumbai on Saturday.[/caption]
मुंबई में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की एक रपट के अनुसार, पिछले तीन से चार वर्षों में देश में आठ करोड़ नई नौकरियां उपलब्ध हुईं। मोदी मुंबई के गोरेगांव उपनगर में महाराष्ट्र में सड़क, रेलवे और बंदरगाह से जुड़ी 29,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की शुरुआत और आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा, 'आरबीआइ ने हाल में रोजगार पर एक विस्तृत रपट प्रकाशित की है। रपट के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्षों में लगभग आठ करोड़ नई नौकरियां पैदा हुई हैं। इस आंकड़े ने नौकरियों पर फर्जी खबरें फैलाने वालों को चुप कर दिया है।' उन्होंने कहा कि जब पुल बनते हैं, रेल की पटरियां बिछाई जाती हैं, सड़कें बनाई जाती हैं और लोकल ट्रेनें बनाई जाती हैं, तो रोजगार पैदा होता है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार की दर सीधे तौर पर बुनियादी ढांचे के विकास के समानुपातिक है उन्होंने कहा कि देश में कौशल विकास और रोजगार की जरूरत है और हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई और उसके आसपास की आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से शहर के आसपास के इलाकों से संपर्क बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि छोटे और बड़े निवेशकों ने हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया है। मोदी ने कहा कि मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र को दुनिया की सबसे बड़ी वित्तीय शक्ति बनाना और मुंबई को वैश्विक फिनटेक राजधानी बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लोग जानते हैं कि केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ही स्थिरता प्रदान कर सकती है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि राजग सरकार का विकास माडल वंचितों को प्राथमिकता देना रहा है। उन्होंने नई सरकार के पहले फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों के लिए तीन करोड़ घर बनाए जाएंगे। चार करोड़ परिवारों को पहले ही घर मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में लाखों दलितों और वंचितों को भी आवास योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हम शहरों में रहने वाले गरीब और मध्यम वर्ग दोनों के लिए घर के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बाद में मुंबई के ही बांद्रा-कुर्ला काम्प्लेक्स में इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आइएनएस) के सचिवालय आइएनएस टावर का उद्घाटन करने के बाद मोदी ने कहा कि भारत जल्दी ही तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने इसका भी जिक्र किया कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है।

Categories: राष्ट्रीय समाचार नरेंद्र मोदी