Hindi Patrika

घर से बुलाकर युवक पर चाकू से हमला कर हत्या, आरोपी फरार

Published on July 11, 2024 by Vivek Kumar

ख्याला थाना क्षेत्र स्थित रघुवीर नगर में घर से बुला कर चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पुलिस को मंगलवार रात को मिली थी। मृतक की पहचान लक्ष्य (23) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर मामले की छानबीन कर रही है। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त ने बुधवार को बताया कि लक्ष्य, जेजे कालोनी, रघुवीर नगर में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार देर रात ख्याला थाना पुलिस को अस्पताल से एक शख्स को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात रात करीब 10:00 बजे जेजे कालोनी में ही हुई थी। वारदात स्थल लक्ष्य के घर के पास ही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से कुछ संदिग्धों की पहचान की है, जो अभी फरार हैं। संदिग्धों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। लक्ष्य के परिवार में पिता संजय उर्फ सोनू के अलावा मां और एक बहन है। लक्ष्य पार्लर एकेडमी में काम करता था। मंगलवार रात को घर पर था। उसे एक युवक बुलाकर गली में ले गया। वहां पहले से कई लड़के मौजूद थे। उन्होंने लक्ष्य पर हमला कर दिया। वह खुद को बचाने के लिए दौड़ने लगा तो आरोपियों ने उस पर तब भी चाकू से हमला किया। बाद में आरोपी फरार हो गए।

Categories: राज्य समाचार दिल्ली