एक सितंबर से दिल्ली-लंदन मार्ग पर ए350 विमानों का उपयोग करेगा एअर इंडिया
Published on June 28, 2024 by Vivek Kumar
एअर इंडिया दिल्ली-लंदन मार्ग पर एक सितंबर से प्रतिदिन दो उड़ानों में विशालकाय ए-350-900 विमान का उपयोग करेगा। एअर इंडिया अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्षेत्रों में अपनी सेवाओं को मजबूत करते हुए परिचालन में सुधार और विस्तार कर रहा है, इसलिए ये नई उड़ान अंतरराष्ट्रीय लंबी दूरी के मार्ग पर इन विमानों की शुरुआत का प्रतीक होंगी। एअरलाइन ने गुरुवार को एक बयान में कहा, 'ए350-900, 17 में से 14 साप्ताहिक उड़ानों में वर्तमान में तैनात बोइंग 777-300 ईआर और बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की जगह लेगा। इससे दिल्ली-लंदन हीथ्रों मार्ग पर हर सप्ताह अतिरिक्त 336 सीट उपलब्ध होंगी।' इसके साथ ही एअरलाइन दिल्ली लंदन हीथ्रो मार्ग पर संचालित ए350-900 विमानों में प्रीमियम इकोनामी श्रेणी की सीट उपलब्ध कराना शुरू करेगी। एअरलाइन ने एक मई से दिल्ली और दुबई के बीच सेवाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर ए350-900 विमान का परिचालन शुरू किया। टाटा समूह के स्वामित्व वाली यह एअरलाइन लंदन हीथ्रो के लिए दिल्ली से 17 और मुंबई से 14 समेत कुल 31 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है।
Categories: राष्ट्रीय समाचार