Hindi Patrika

असांजे अमेरिका में कानूनी लड़ाई खत्म होने के बाद आस्ट्रेलिया लौटे

Published on June 27, 2024 by Vivek Kumar

कैनबरा, 26 जून: 'विकीलीक्स' के संस्थापक जूलियन असांजे बुधवार को विशेष विमान से अपने देश आस्ट्रेलिया लौट आए। असांजे ने एक समझौते के तहत अमेरिकी सेना से जुड़े गोपनीय दस्तावेज हासिल करने व उन्हें प्रकाशित करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद इस मामले में कानूनी लड़ाई खत्म हो गई है। उत्तरी मरियाना द्वीप की राजधानी साइपन में एक अमेरिकी जिला अदालत में असांजे (52) द्वारा दलील पेश किए जाने के साथ ही कई वर्षों से चर्चा में रहा अंतरराष्ट्रीय साजिश का यह आपराधिक मामला एक बेहद असामान्य माहौल में आश्चर्यजनक रूप से खत्म हो गया। असांजे पर युद्ध से जुड़ी जानकारी और राजनयिक दस्तावेज प्रकाशित करने के आरोप थे। इन दस्तावेजों में इराक और अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना से संबंधित गतिविधियों की जानकारी थी। समर्थकों ने अमेरिकी सेना के आचरण को उजागर करने में असांजे भूमिका की सराहना की थी। 'विकीलीक्स' की ओर से प्रकाशित किए गए दस्तावेजों में वर्ष 2007 में अमेरिकी सेना द्वारा बगदाद में अपाचे हेलीकाप्टर पर किए गए हमले का वीडियो भी शामिल था। इस हमले में रायटर्स के दो पत्रकारों सहित 11 लोग मारे गए थे।

Categories: अंतरराष्ट्रीय समाचार