Hindi Patrika

भोले बाबा मैनपुरी के आश्रम में मौजूद नहीं: पुलिस

Published on July 5, 2024 by Vivek Kumar

हाथरस भगदड़ मामले में हरिनारायण साकार उर्फ भोले बाबा की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने बाबा के मैनपुरी स्थित आश्रम में उसके मौजूद नहीं होने का दावा किया है। सूत्रों के मुताबिक, मैनपुरी के बिछवां कस्बे में स्थित भोले बाबा के आश्रम में बुधवार रात पुलिस दाखिल हुई थी। मगर इस बारे में कोई भी पुलिस अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) के लोग आश्रम परिसर में गए थे लेकिन उनकी ड्यूटी आश्रम के अंदर नहीं बल्कि बाहर थी। उन्होंने कहा कि 50-60 सेवादार आश्रम के अंदर मौजूद हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों हैं। इस सवाल पर कि क्या बाबा अपने आश्रम में मौजूद हैं, सिंह ने कहा, 'वह ना कल थे, ना आज हैं।' मैनपुरी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने भी संवाददाताओं से कहा कि उन्हें बाबा अपने आश्रम में नहीं दिखायी दिए। इस सवाल पर कि वह आश्रम क्यों गए थे, उन्होंने कहा, 'मैं यहां तफ्तीश करने नहीं बल्कि सुरक्षा की जांच करने आया हूं।'

Categories: राष्ट्रीय समाचार