Hindi Patrika

दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने लिया जायजा, बाढ़ की आशंका, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Published on July 11, 2024 by Vivek Kumar

बीते साल आई बाढ़ को देखते हुए इस साल सरकार सतर्क है। सरकारी अमला बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए तैयारियों में जुट गया है। इस कड़ी में दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने तैयारियों का जायजा लिया। आतिशी ने बुधवार को यमुना नदी पर स्थिति पुराना लोहा पुल और यमुना बाजार इलाके में बाढ़ को लेकर संबंधित विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान राजस्व विभाग और बाढ़ एवं सिंचाई नियंत्रण विभाग के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दावा किया कि बाढ़ की स्थिति में मोटर बोट, गोताखोर और चिकित्सा दलों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। राजस्व विभाग द्वारा राहत शिविर लगाने संबंधित तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। आतिशी ने बताया कि दिल्ली में बीते साल यमुना का जलस्तर 40 सालों में सबसे ऊपर गया था और इस कारण दिल्ली में बाढ़ की समस्या गंभीर हो गई थी। इसे देखते हुए इस बार दिल्ली सरकार ने इस साल काफी पहले से ही बाढ़ को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। आतिशी ने दावा किया कि सरकार यमुना के ऊपरी हिस्सों पर भी पूरी तरह नजर बनाए हुए है। बकौल आतिशी, पिछली बार यमुना का जलस्तर 208 मीटर से ऊपर गया था। मौजूदा समय में यह 202.6 मीटर के आस पास है, जो खतरे के निशान से बहुत नीचे है। लेकिन फिर भी दिल्ली सरकार सतर्क और सचेत है। यमुना और हिंडन नदी के पास रहने वाले हजारों लोगों को नोटिस जारी ग्रेटर नोएडा, 10 जुलाई (संवाददाता)। गौतमबुद्ध नगर में पिछले साल बरसात में यमुना और हिंडन नदी के पास डूब क्षेत्र में कई घरों के अंदर पानी घुस गया था। जो करीब एक सप्ताह तक रहा। इस मर्तबा जिला प्रशासन ने पहले से ही तैयारी कर रखी है। प्रशासन की तरफ से यमुना व हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले एक हजार से अधिक लोगों को नोटिस भेजा गया है। इन्हें दूसरे स्थान पर विस्थापित करने के आदेश भी दिए गए हैं।

Categories: राज्य समाचार दिल्ली