Hindi Patrika

डूरंड कप: राष्ट्रपति ने कहा, फुटबाल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल, फुटबाल के उत्थान के लिए मिलकर काम करें

Published on July 11, 2024 by Vivek Kumar

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को भारतीय फुटबाल के हितधारकों से देश में खेल के उत्थान के लिए मिलकर काम करने को कहा। उन्होंने सौ साल पुराने डूरंड कप टूर्नामेंट की ट्राफी के दौरे को हरी झंडी दिखाई। एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के पांचवें सबसे पुराने फुटबाल टूर्नामेंट का 133वां सत्र 27 जुलाई से शुरू होगा और यह चार शहरों- कोलकाता, असम में कोकराझार, मेघालय में शिलांग और झारखंड में जमशेदपुर में खेला जाएगा। राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहा कि फुटबाल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। पेशेवर फुटबाल खिलाड़ी लोगों का मनोरंजन करते हैं। वर्तमान में यूरो 2024 चल रहा है और इसे दुनिया भर में देखा जा रहा है, यह हर जगह खबरों में है। उन्होंने कहा कि देश के सभी हितधारकों को भारत में खेल के उत्थान के लिए मिलकर काम करना चाहिए। राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा ट्राफियों का अनावरण किए जाने के समय प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और नौसेनाध्यक्ष एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। डूरंड कप का आयोजन भारतीय सेना द्वारा तीनों सेनाओं की ओर से और अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के तत्वावधान में किया जाता है।

Categories: राष्ट्रीय समाचार