Hindi Patrika

पहले मसाला तैयार किया, फिर की चिनाई; मजदूरों संग काम करते दिखे राहुल गांधी

Published on July 5, 2024 by Vivek Kumar

संसद सत्र समाप्त होते ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व रायबरेली के सांसद राहुल गांधी दिल्ली में सक्रिय हो गए हैं। गुरुवार को एकाएक राहुल गांधी दिहाड़ी मजदूरों से मिलने के लिए दिल्ली के जीटीबी नगर पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों से न सिर्फ उनका हालचाल जाना बल्कि उनके साथ काम भी किया। राहुल गांधी उनके साथ मसाला बनाते हुए और चिनाई करते हुए दिखे। यहां उन्होंने मजदूरों से बातचीत की और उनका दुख-दर्द जाना और बाद में उन मजदूरों के साथ काम करते हुए भी नजर आए। कामगारों के साथ बिताए गए पलों की फोटो व वीडियो कांग्रेस ने जारी किया है। इससे पहले भी राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के दौरान एकाएक मजदूरों के पास पहुंचे थे और लोगों से जानकारियां लेते नजर आए थे। राहुल गांधी ने भी एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जो लोग हाथ से काम करता है, उन लोगों को कांग्रेस पार्टी उनका सम्मान और आदर करना चाहती है। इन लोगों को कांग्रेस पार्टी बचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग हिंदुस्तान में हाथ से काम करते हैं लेकिन उन्हें कुछ मिलता नहीं है। इसका जिक्र मैंने अभयमुद्रा के जरिए संसद में भी जिक्र किया था। कांग्रेस पार्टी ने जो फोटो जारी किए हैं, उन फोटो में राहुल गांधी स्थानीय लोगों से बात करते नजर आए। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्माण कार्य करने वाले लोगों से बात की और खुद निर्माण कार्य में इन लोगों की मदद भी की। जो फोटो कांग्रेस पार्टी ने जारी किए हैं, उन फोटो में राहुल चिनाई करते और फावड़े की मदद से रेत-सीमेंट मिलाते नजर आए। राहुल ने कहा कि हाथ से काम करने वालों की आज हिंदुस्तान में इज्जत नहीं है। मैंने पहले भी कहा था-आज, जीटीबी नगर में काम की तलाश में रोज खड़े रहने वाले मजदूरों से मिल कर ये बात पुख्ता हो गई। राहुल ने कहा कि मजदूरों को, उनका हक दिलाना है, सम्मान दिलाना है। जीटीबी नगर पहुंच कर कांग्रेस नेता ने मजदूरों का दुख-दर्द जाना, वीडियो और तस्वीरें कीं साझा कांग्रेस ने जारी किया फोटो राहुल का काफिला एकाएक जीटीबी नगर इलाके में जाकर रूका था। इसके बाद राहुल गांधी एक निर्माणाधीन इमारत में पहुंच गए थे, जहां कुछ मजदूर काम कर रहे थे। कांग्रेस ने इस जगह की फोटो को सोशल मीडिया पर भी जारी किया। जिसमें ये भी लिखा है कि ये मेहनती मजदूर हिंदुस्तान की रीढ़ की हड्डी हैं। इनके जीवन को सुरक्षित बनाना हमारी जिम्मेदारी है।

Categories: राज्य समाचार दिल्ली