अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र, प्रधानमंत्री मोदी सहित 280 सांसद लेंगे शपथ
Published on June 23, 2024 by Vivek Kumar
अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद, 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमु राष्ट्रपति भवन में भाजपा के नेता एवं सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को संसद के निचले सदन के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) के रूप में शपथ दिलाएंगी। इसके बाद महताब संसद भवन पहुंचेंगे और पूर्वाह्न १। बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू करेंगे। कार्यवाही की शुरुआत में, कुछ क्षणों के लिए मौन रखा जाएगा। इसके बाद लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह निचले सदन के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची सदन के पटल पर रखेंगे। इसके बाद, महताब लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सदन की सदस्यता की शपथ लेने का आग्रह करेंगे।
फिर अस्थायी अध्यक्ष, राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त अध्यक्षों की समिति को शपथ दिलाएंगे जो 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होने तक सदन की कार्यवाही चलाने में उनकी सहायता करेगी। राष्ट्रपति ने लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने में महताब की सहायता के लिए कोडिकुन्निल सुरेश (कांग्रेस), टी आर बालू (द्रमुक), राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते (भाजपा) और सुदीप बंदोपाध्याय (तृणमूल कांग्रेस) को नियुक्त किया है। अध्यक्षों की समिति के बाद अस्थायी अध्यक्ष मंत्रिरिषद के सदस्यों को लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाएंगे। ये सदस्य अपने-अपने नाम के पहले अक्षर के क्रम में अगले दो दिनों में शपथ लेंगे।
पहले दिन 280 सदस्यों की शपथ होने की संभावना है और दूसरे दिन 264 सदस्य शपथ लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार को होगा। राष्ट्रपति 27 जून को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 28 जून को शुरू होगी। प्रधानमंत्री द्वारा दो या तीन जुलाई को इस चर्चा पर अपना जवाब देने की उम्मीद है।
Categories: राष्ट्रीय समाचार