Hindi Patrika

विदेशी मुद्रा भंडार 9.70 अरब डॉलर बढ़कर 666.85 अरब डॉलर पर

Published on July 20, 2024 by Vivek Kumar

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 9.70 अरब डालर उछल कर अब तक के उच्चतम स्तर 666.85 अरब डालर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में कुल मुद्रा भंडार 5.16 अरब डालर बढ़कर 657.15 अरब डालर हो गया था। यह इससे पहले के उच्चतम स्तर 655.82 अरब डालर को पार कर गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 12 जुलाई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 8.36 अरब डालर बढ़कर 585.47 अरब डालर हो गईं। डालर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 1.23 अरब डालर बढ़कर 58.66 अरब डालर रहा। आरबीआइ ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.6 करोड़ डालर बढ़कर 18.11 अरब डालर हो गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 3.2 करोड़ डालर बढ़कर 4.61 अरब डालर हो गई।

Categories: अर्थव्यवस्था समाचार