Hindi Patrika

हरिनी अमरसूर्या बनीं श्रीलंका की प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके ने संसद भंग की

Published on September 25, 2024 by Vivek Kumar

श्रीलंका के नवनियुक्त राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने मंगलवार को संसद भंग करने संबंधी विशेष राजपत्र अधिसूचना पर हस्ताक्षर कर दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। संसद मंगलवार मध्य रात्रि से भंग मानी जाएगी और चुनाव 14 नवंबर को होंगे। श्रीलंका में शनिवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव से पहले दिसानायके ने कहा था कि वह संसद को तुरंत भंग कर देंगे और मध्यावधि चुनाव कराने का आदेश देंगे। इससे पहले पिछली संसद अगस्त 2020 में गठित की गई थी। इसे निर्धारित समय से 11 महीने पहले ही भंग कर दिया गया है। वहीं हरिनी अमरसूर्या ने मंगलवार को श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही वह वर्ष 2000 में सिरीमावो भंडारनायके के बाद इस पद पर आसीन होने वाली दूसरी महिला नेता बन गईं। 'नेशनल पीपुल्स पावर' (एनपीपी) की 54 वर्षीय नेता अमरसूर्या को राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने शपथ दिलाई। दिसानायके ने स्वयं सहित चार सदस्यों का मंत्रिमंडल नियुक्त किया है। अमरसूर्या को न्याय, शिक्षा, श्रम, उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य तथा निवेश मंत्रालयों का कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने का स्थान लिया है, जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। NPP सांसदों विजिता हेराथ और लक्ष्मण निपुर्णाच्ची ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वे संसद भंग होने के बाद कार्यवाहक कैबिनेट मंत्री के रूप में काम करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि संसदीय चुनाव नवंबर के अंत में हो सकते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद 56 वर्षीय दिसानायके ने रविवार को श्रीलंका के नौवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

Categories: अंतरराष्ट्रीय समाचार