Hindi Patrika

मैं सपने में भी बाबा साहेब का अपमान नहीं कर सकता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

Published on December 19, 2024 by Vivek Kumar

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने राज्यसभा में बाबा साहेब आंबेडकर पर दिए गए उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर समाज में भ्रांति फैलाने की कोशिश की। क्योंकि चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों ने संविधान निर्माता के बार-बार किए गए अपमानों पर विपक्षी पार्टी की पोल खोलकर रख दी थी। शाह ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि वह सपने में भी संविधान निर्माता का अपमान नहीं कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले भी भ्रम फैलाने और लोगों को गुमराह करने के लिए उनकी और यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया है। उन्होंने कहा, 'कल से कांग्रेस ने जिस तरह से तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर रखने का प्रयास किया है, वह अत्यंत निंदनीय है। मैं इसकी निंदा करना चाहता हूं।' भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वीर सावरकर का भी अपमान किया और आपातकाल लगाकर संविधान में प्रदत्त मूल्यों पर पानी फेरा। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सत्य को तोडमरोड़ कर इसलिए पेश किया क्योंकि भाजपा नेता इस बारे में बोल रहे थे कि कैसे राजग सरकारों ने संविधान को बरकरार रखा और तथ्यों के साथ यह स्थापित कर दिया कि कांग्रेस आंबेडकर विरोधी, संविधान विरोधी और आरक्षण विरोधी है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न्यायपालिका का हमेशा अपमान किया। सेना के शहीदों का अपमान किया और भारत की भूमि तक को संविधान तोड़कर दूसरे देशों को देने की हिमाकत कांग्रेस के शासन में हुई। उन्होंने कहा कि जब यह पूरा सत्य उजागर हो गया तो कल से कांग्रेस ने फिर एक बार अपनी पुरानी पद्धति को आजमाते हुए बातों को तोड़ मरोड़ कर और सत्य को असत्य के कपड़े पहना कर समाज में भ्रांति फैलाने का प्रयास किया है।

Categories: राष्ट्रीय समाचार