यूक्रेन-रूस संघर्ष को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है भारत : गार्सेटी
Published on July 20, 2024 by
Vivek Kumar

भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने शुक्रवार को कहा कि रूस और यूक्रेन के साथ मजबूत संबंध रखने वाला भारत दोनों देशों के बीच संघर्ष को सुलझाने में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। गार्सेटी ने कहा कि इस मामले पर निर्णय लेना विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र पर निर्भर करता है। साथ ही उन्होंने भारत और अमेरिका के संबंधों को गुणात्मक करार दिया। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में भारत की बढ़ती भूमिका का स्वागत करते हुए और भारतीय महासागर में समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत मालवाहक जहाजों को छुड़ाने के लिए भारतीय नौसेना की साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए अमेरिकी राजदूत ने कहा कि भारत 'ग्लोबल साउथ' के सशक्तिकरण में भी बहुत अच्छा काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम विश्व में किसी भी युद्ध के बेहतर समाधान के लिए भारत द्वारा निभाई जाने वाली किसी भी भूमिका का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के यूक्रेन और रूस दोनों के साथ अतीत में अविश्वसनीय रूप से मजबूत संबंध रहे हैं।