भारत अपनी आजादी के सौ वर्ष विकसित राष्ट्र के रूप में मनाएगा: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने विएना में बुधवार को भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र भारत और आस्ट्रिया को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 में अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष एक विकसित राष्ट्र के रूप में मनाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आस्ट्रिया भौगोलिक दृष्टि से दो अलग-अलग छोर पर हैं, लेकिन हमारे बीच कई समानताएं हैं। हमारे साझा मूल्य स्वतंत्रता, समानता, बहुलवाद और कानून के शासन के प्रति सम्मान हैं। हाल ही में हुए चुनाव में 65 करोड़ लोगों ने मतदान किया और कुछ ही घंटों में नतीजे घोषित कर दिए गए। यह हमारे चुनावी लोकतंत्र की ताकत है। मोदी ने कहा कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध दिया है। आज भारत सर्वश्रेष्ठ होने, सबसे उज्ज्वल बनने और सबसे बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले चार प्रमुख आस्ट्रियाई भारतविदों और भारतीय इतिहास एवं विचारों के विद्वानों से मुलाकात की और उनके साथ भारतविद्या और भारतीय इतिहास, दर्शन, कला एवं संस्कृति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। मोदी ने बौद्ध दर्शन के विद्वान और भाषाविद् बिरगिट केलनर, आधुनिक दक्षिण एशिया के विद्वान मार्टिन गेन्सले, वियना विश्वविद्यालय में दक्षिण एशियाई अध्ययन के प्रोफेसर बोरायिन लारियोस और वियना विश्वविद्यालय में भारतविद्या विभाग प्रमुख कैरिन प्रीसेनडांज के साथ बातचीत की।