Hindi Patrika

फ्रांस में 'वर्ल्ड मेडिकल एंड हेल्‍थ' खेलों में भारत ने जीते 32 पदक

Published on June 23, 2024 by Vivek Kumar

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) के चार अधिकारियों ने फ्रांस में आयोजित 'वर्ल्ड मेडिकल एंड हेल्थ' खेलों में ऐतिहासिक रूप से 32 पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव मलिक, मेजर अनीश जॉर्ज, कैप्टन स्टीफन सेबेस्टियन और कैप्टन डानिया जेम्स (महिला वर्ग में) ने सेंट ट्रौपेज में आयोजित खेलों के 43वें चरण में 19 स्वर्ण, नौ रजत और चार कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल मलिक ने 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर, 5000 मीटर, क्रॉस कंट्री और चार गुणा 400 मीटर रिले में पांच स्वर्ण पदक जीते। वहीं, मेजर जॉर्ज ने विभिन्न स्पर्धाओं में चार स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। पेशेवर चिकित्सकों के ओलंपिक खेल माने जाने वाले इन खेलों में कैप्टन सेबेस्टियन ने छह स्वर्ण पदक जीते।

Categories: खेल समाचार