Hindi Patrika

विदेशों में रह रहे भारतीयों ने स्वदेश भेजे 120 अरब डालर

Published on June 27, 2024 by Vivek Kumar

विदेशों में रह रहे भारतीयों ने बीते वर्ष यानी 2023 में 120 अरब डालर स्वदेश भेजे। यह राशि मेक्सिको को इसी अवधि में प्राप्त 66 अरब डालर के मुकाबले लगभग दोगुना आंकड़ा है। विश्व बैंक की ओर से बुधवार को जारी रपट में यह जानकार दी गई। विश्व बैंक की रपट के मुताबिक, विदेश से भेजी गई राशि (रेमिटेंस) प्राप्त करने वालों में चीन (50 अरब डालर), फिलिपीन (39 अरब डालर) और पाकिस्तान भी (27 अरब डालर) के साथ शीर्ष पांच देशों में शामिल हैं। रपट में कहा गया है कि वर्ष 2021-2022 के दौरान मजबूत वृद्धि के बाद 2023 में आधिकारिक तौर पर विदेश से भेजे गए पैसे या धन प्रेषण निम्न और मध्यम आय वाले देशों (एलएमआइसी) में कम रहा और यह 656 अरब डालर तक पहुंच गया। भारत के मामले में धन प्रेषण में 2023 में 7.5 फीसद की वृद्धि हुई और यह 120 अरब डालर रहा। रपट के अनुसार, अमेरिका, भारत के कुशल प्रवासियों के लिए सबसे बड़ा गंतव्य स्थान है। इसके अलावा कुशल और अर्द्ध कुशल श्रमिकों की खाड़ी देशों (जीसीसी) में मांग से भी धन प्रेषण पर सकारात्मक असर पड़ा।

Categories: राष्ट्रीय समाचार