Hindi Patrika

झारखंड: सेवा विस्तार का आश्वासन देकर एसपीओ से आंदोलन समाप्त करने को कहा

Published on July 20, 2024 by Vivek Kumar

झारखंड सरकार ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारी संविदा पुलिस सहायकों की सेवा एक वर्ष बढ़ाने का वादा करते हुए उनसे अपना आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया है। ये सहायक पुलिस विभाग में सीधी भर्ती के साथ मानदेय में वृद्धि की मांग कर रहे हैं। पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक राज कुमार मलिक ने कहा, हमने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि उन्हें पुलिस विभाग की विभिन्न नियुक्तियों में छूट मिलेगी। विशेष रूप से उन्हें आबकारी, होमगार्ड, जेल सिपाही और अग्निशमन सेवाओं में कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन करते समय आयु में छूट और अन्य रियायतें दी जाएंगी। आंदोलनकारी विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए फिलहाल मुख्यमंत्री आवास के पास डेरा डाले हुए हैं। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर आंदोलनकारियों से आंदोलन खत्म करने की अपील की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। इससे पहले प्रधान सचिव (गृह) वंदना दादेल और डीजीपी अजय कुमार सिंह ने आंदोलनकारी एसपीओ के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की।

Categories: राज्य समाचार झारखंड