Hindi Patrika

राजस्थान में 100 से अधिक IAS अधिकारियों के तबादले

Published on September 7, 2024 by Vivek Kumar

राजस्थान सरकार ने अपने प्रशासनिक ढांचे में बहुप्रतीक्षित फेरबदल की शुरुआत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 108 अधिकारियों के फेरबदल से की है। इसके तहत जहां 96 अधिकारियों का तबादला किया गया है, वहीं 10 अधिकारियों को पदभार दिया गया है तो 20 IAS अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य के राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में लंबे समय से तबादलों की सूची को लेकर अटकलें थीं। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात इस बारे में आदेश जारी किया। इस प्रशासनिक फेरबदल में जयपुर समेत 13 जिलों के कलेक्टरों के अलावा जयपुर और बांसवाड़ा के संभागीय आयुक्तों का भी तबादला किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह का तबादला राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के अध्यक्ष पद पर किया गया है। आईएएस अधिकारी श्रेया गुहा को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) से अतिरिक्त मुख्य सचिव (ग्रामीण विकास) पद पर नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) विभाग अखिल अरोड़ा और गृह विभाग के प्रमुख सचिव आनंद कुमार को इस सूची में नहीं बदला है। अरोड़ा कांग्रेस शासन में भी वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव थे। कुमार 2022 से इसी विभाग में हैं। तबादला आदेश के अनुसार, आइएएस अधिकारी भास्कर सावंत जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव होंगे।

Categories: राज्य समाचार राजस्थान