Hindi Patrika

जोशीमठ में दरका पहाड़, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

Published on July 11, 2024 by Vivek Kumar

उत्तराखंड में मानसून की बारिश कहर बरपा रही है। चमोली में भूस्खलन होने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया, जिससे सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों लोग और वाहन फंस गए। पहाड़ का सारा मलबा सड़क पर बिखर गया। हालांकि किसी भी प्रकार के जान माल के हानि नहीं हुई है। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस घटना को वीडियो में कैद कर लिया। भूस्खलन की वजह से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। इसके चलते चारधाम यात्रियों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुसीबतें पैदा हो गई हैं। पहाड़ के टूटने से सड़क भी अवरुद्ध गया है। इससे आम राहगीरों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतार लगी हुई हैं। सड़क बंद होने की वजह से जोशीमठ में सैकड़ों यात्री रुके हुए हैं। सड़क पर आई चट्टान हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है पर फिलहाल सड़क खुलने की कोई उम्मीद नहीं जताई जा रही है। ये नजारा इतना भयानक था कि देखने वालों की रूह तक कांप गई। गनीमत रही कि जिस समय ये पहाड़ टूट कर गिरा उस समय कोई वाहन वहां से न तो गुजर रहा था और न ही वहां कोई वाहन खड़ा था। घटना लगभग पौने एक बजे के आसपास की है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पातालगंगा के पास यातायात टनल के ठीक ऊपर पहाड़ी से भारी लैंडस्लाइड होने लगी। सूचना मिलते ही प्रशासन भी सतर्क हो गया और तीर्थ यात्रियों को सुरक्षा की दृष्टि से कर्णप्रयाग, चमोली, पीपलकोटी जगह-जगह स्थानों पर सुरक्षित रोक लिया गया। इससे पहले नौ जुलाई को जोशीमठ में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर भयानक भूस्खलन हो गया था। इस दौरान पूरा पहाड़ गिर गया था। इसके बाद बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया था। आमतौर पर बारिश के मौसम में पहाड़ों के ध्वस्त होने की घटना सामने आती रहती हैं।

Categories: राष्ट्रीय समाचार