Hindi Patrika

राष्ट्रपति ने सेनाध्यक्ष और नौसेना अध्यक्ष को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया

Published on July 20, 2024 by Vivek Kumar

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी को राष्ट्र के प्रति उनकी विशिष्ट सेवा के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। रक्षा मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू ने सशस्त्र बलों और भारतीय तटरक्षक बल के 94 कर्मियों को विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। उस समय राष्ट्रपति ने कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस और असाधारण वीरता का प्रदर्शन करने के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों के 10 जवानों को कीर्ति चक्र प्रदान किए थे जिनमें से सात को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया। कीर्ति चक्र भारत में शांतिकाल के दौरान वीरता के लिए दिया जाने वाला दूसरा शीर्ष अलंकरण हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक शुक्रवार को आयोजित समारोह के दूसरे चरण में राष्ट्रपति ने 31 पीवीएसएम, चार यूवाईएसएम (उत्तम युद्ध सेवा पदक), दो एवीएसएम (अति विशिष्ट सेवा पदक) और 57 एवीएसएम (अति विशिष्ट सेवा पदक) प्रदान किए। सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल त्रिपाठी को शुक्रवार को पीवीएसएम से सम्मानित किया गया। पीवीएसएम से सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार, लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि, लेफ्टिनेंट जनरल जानसन पी मैथ्यू और एअर मार्शल रवि गोपाल कृष्ण कपूर के अलावा सेना और भारतीय वायु सेना के कई सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं।

Categories: राष्ट्रीय समाचार