पुतिन, किशिदा ने यूपी में भगदड़ मचने से लोगों की मौत पर शोक जताया
Published on July 4, 2024 by Vivek Kumar

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने उत्तर प्रदेश में एक धार्मिक समागम के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत होने पर बुधवार को शोक प्रकट किया। भारत में रूसी दूतावास ने एक्स पर कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर प्रदेश की घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजाः कृपया उत्तर प्रदेश में हुई दुखद दुर्घटना पर हार्दिक संवेदना स्वीकार करें। किशिदा ने शोक संदेश में कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा दुख हुआ कि उत्तर प्रदेश में हुई भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई। जापान के विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर संदेश में कहा कि मैं जापान सरकार की ओर से पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।