बांकुड़ा में बुजुर्ग की मौत से राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ
Published on July 12, 2024 by Vivek Kumar
बांकुड़ा जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने मार डाला। इस दावे का प्रतिवाद करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि भाजपा इस मौत का अनावश्यक राजनीतिकरण कर रही है जबकि उसकी मौत की वजह पारिवारिक विवाद है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मंगलवार को एक पेड़ को काटने को लेकर पड़ोसियों के साथ हुई झड़प के दौरान 70 वर्षीय बांकुबिहारी महतो घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। महतो की मौत से क्षेत्र में प्रदर्शन होने लगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाते हुए खतरा थाने के बाहर प्रदर्शन किया कि वह भाजपा के स्थानीय 'बूथ' अध्यक्ष थे और तृणमूल समर्थकों ने उनकी हत्या कर दी। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार बुधवार को बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गए, जहां महतो का शव रखा गया था। सरकार ने आरोप लगाया कि यह घटना लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद तृणमूल ने चुनाव बाद हिंसा की जो साजिश रची थी, यह उसी कड़ी की एक अन्य घटना है। भाजपा के आरोप पर बनर्जी ने कहा कि भाजपा बांकुड़ा की घटना के बारे में झूठ फैला रही है।
Categories: राज्य समाचार पश्चिम बंगाल