स्पेक्ट्रम नीलामी से सरकार को 11,340 करोड़ रुपए मिले
Published on June 27, 2024 by Vivek Kumar
नई दिल्ली, 26 जून: दूरसंचार स्पेक्ट्रम के आबंटन के लिए आयोजित नीलामी में 11,340.78 करोड़ रुपए मूल्य के 141.4 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम की ही बिक्री हो पाई। भारती एअरटेल स्पेक्ट्रम खरीद में सबसे आगे रही। उसने 6,856.76 करोड़ रुपए का स्पेक्ट्रम खरीदा। स्पेक्ट्रम नीलामी दूसरे दिन बुधवार को बोली शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर ही समाप्त हो गई। इसके पहले मंगलवार को नीलामी के पहले दिन पांच दौर में बोलियां लगाई गई थीं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस नीलामी में रिलायंस जियो ने 973.62 करोड़ रुपए का स्पेक्ट्रम हासिल किया, जबकि वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआइएल) ने लगभग 3,510.4 करोड़ रुपए मूल्य के स्पेक्ट्रम के लिए बोली लगाई। कुल मिलाकर, इस स्पेक्ट्रम नीलामी से सरकार को कुल 11,340.78 करोड़ रुपए मिले। यह सरकार द्वारा बिक्री के लिए रखे गए स्पेक्ट्रम के अनुमानित मूल्य 96,238 करोड़ रुपए का सिर्फ 12 फीसद है। पिछली स्पेक्ट्रम नीलामी दो साल पहले हुई थी जिसमें रेकार्ड 1.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक के 5जी स्पेक्ट्रम की बिक्री हुई थी। सात दिन तक चली नीलामी में रिलायंस जियो शीर्ष बोलीदाता के रूप में उभरी थी। उसने सभी रेडिया तरंगों का करीब आधा हिस्सा (88,078 करोड़ रुपए मूल्य) हासिल किया था। उस समय दूरसंचार क्षेत्र के दिग्गज सुनील मित्तल की भारती एअरटेल ने 43,084 करोड़ रुपए की सफल बोली लगाई थी, जबकि वोडाफोन-आइडिया ने 18,799 करोड़ रुपए में स्पेक्ट्रम खरीदा था। हालांकि, ताजा नीलामी में बाजी भारती एअरटेल ने मारी है और वह अग्रणी बोलीदाता बनकर उभरी है। भारती एअरटेल ने बुधवार को संपन्न हुई स्पेक्ट्रम नीलामी में 6,856.76 करोड़ रुपए में 97 मेगाहर्ट्ज रेडियो तरंगों को खरीदा है। यह नीलामी में बिके कुल स्पेक्ट्रम का 60 फीसद है।
जियो ने 973.62 करोड़ का स्पेक्ट्रम हासिल किया, जबकि वीआइएल ने लगभग 3,510.4 करोड़ मूल्य के स्पेक्ट्रम के लिए बोली लगाई।
Categories: राष्ट्रीय समाचार