Hindi Patrika

ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर अधिक शुल्क लगाने की चेतावनी दी

Published on December 19, 2024 by Vivek Kumar

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को पारस्परिक कर लगाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका के कुछ उत्पादों पर काफी ज्यादा शुल्क लगाता है। साथ ही उन्होंने इसके बदले में भारतीय उत्पादों पर इसी तरह अधिक शुल्क लगाने की बात कही। ट्रंप ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि आम तौर पर देखा जाता है कि अगर वे हम पर शुल्क लगाते हैं तो हम भी उन पर उतना ही शुल्क लगाते हैं। लगभग सभी मामलों में वे हम पर शुल्क लगा रहे हैं, जबकि हम उन पर शुल्क नहीं लगा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत और ब्राजील उन देशों में शामिल हैं जो कुछ अमेरिकी उत्पादों पर काफी ज्यादा शुल्क लगाते हैं। ट्रंप ने मार-ए-लागो में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर भारत हमसे 100 फीसद शुल्क लेता है, तो क्या हम उससे बदले में कुछ नहीं लेंगे? आप वाकिफ हैं, वे साइकिल भेजते हैं और हम उन्हें साइकिल भेजते हैं। वे हमसे 100 और 200 फीसद शुल्क लेते हैं। भारत बहुत ज्यादा शुल्क लेता है। ब्राजील भी बहुत ज्यादा शुल्क लेता है। अगर वे हमसे शुल्क लेना चाहते हैं तो ठीक है, लेकिन हम उनसे इसी तरह ज्यादा शुल्क लेंगे। ट्रंप प्रशासन के लिए नामित वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक ने कहा कि जो जैसा करता है उसके साथ भी वैसा ही करना, ट्रंप प्रशासन के लिए एक महत्त्वपूर्ण विषय होने जा रहा है। आप हमारे साथ जैसा व्यवहार करते हैं, आपको उसी तरह से व्यवहार की उम्मीद करनी चाहिए।

Categories: अंतरराष्ट्रीय समाचार संयुक्त राज्य अमेरिका