Hindi Patrika

युद्ध समाप्त होने के बाद ही यूक्रेन को नाटो में शामिल होने दिया जाएगा : अमेरिका

Published on July 11, 2024 by Vivek Kumar

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिकन ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन नाटो सदस्यता के लिए अपरिवर्तनीय रास्ते पर है और उसे रूस के साथ उसका युद्ध समाप्त होने के बाद ही इस पश्चिमी सैन्य गठबंधन में शामिल होने दिया जाएगा। यूरोप के एक अधिकारी ने कहा कि वाशिंगटन में नाटो के सभी 32 सदस्य देशों की बैठक के दौरान एक संयुक्त वक्तव्य बुधवार रात तक आ सकता है जिसमें यूक्रेन के लिए नाटो के संबंध में प्रतिबद्धता को मजबूती से व्यक्त किया जाएगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने नाटो से इस संबंध में पुख्ता गारंटी देने की बात कही है कि यूक्रेन इस सैन्य गठजोड़ में शामिल हो सकता है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नाटो में शामिल होने के पड़ोसी देश यूक्रेन के प्रयासों का पुरजोर विरोध किया है और इसे रूस के सुरक्षा तथा हितों पर अतिक्रमण करार दिया है। नाटो महासचिव जीन्स स्टोल्टेनबर्ग ने इस बात को रेखांकित किया है कि यूक्रेन तत्काल नाटो का सदस्य नहीं बनेगा।

Categories: अंतरराष्ट्रीय समाचार संयुक्त राज्य अमेरिका