Hindi Patrika

केंद्रीय बजट 2024-25: गृह मंत्रालय को 2.19 लाख करोड़ रुपए आबंटित किए गए

Published on July 25, 2024 by Vivek Kumar

केंद्रीय बजट में केंद्रीय बलों को मिला बड़ा हिस्सा

केंद्रीय बजट 2024-25 में गृह मंत्रालय के लिए कुल 2,19,643.31 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है, जिसमें से 1,43,275.90 करोड़ रुपए का बड़ा हिस्सा सीआरपीएफ, बीएसएफ और सीआइएसएफ जैसे केंद्रीय पुलिस बलों के लिए निर्धारित किया गया है। पिछली बार 2024-25 के अंतरिम बजट में गृह मंत्रालय को 2,02,868.70 करोड़ रुपए का आवंटन हुआ था। इस बार, केंद्रीय बजट में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को 42,277 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जो वर्तमान में केंद्र सरकार के प्रत्यक्ष नियंत्रण में है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा हटाकर इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया गया था। बजट में अंडमान निकोबार द्वीप समूह के लिए 5,985.82 करोड़ रुपए, चंडीगढ़ के लिए 5,862.62 करोड़ रुपए, लद्दाख के लिए 5,958 करोड़ रुपए और दादरा नगर हवेली और दमन दीव के लिए 1,490.10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। जनगणना कार्य के लिए 1,309.46 करोड़ रुपए और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के लिए 1,606.95 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। अर्द्धसैनिक बलों में, सीआरपीएफ को 31,543.20 करोड़ रुपए, बीएसएफ को 25,472.44 करोड़ रुपए, सीआइएसएफ को 14,331.89 करोड़ रुपए, आइटीबीपी को 8,634.21 करोड़ रुपए, एसएसबी को 8,881.81 करोड़ रुपए और असम राइफल्स को 7,428.33 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। इसके अलावा, आसूचना ब्यूरो (आइबी) को 3,823.83 करोड़ रुपए, दिल्ली पुलिस को 11,180.33 करोड़ रुपए, विशेष सुरक्षा समूह को 506.32 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल के व्यय के लिए 1,248.91 करोड़ रुपए और आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास तथा राज्य सरकारों को अनुदान सहायता आदि के लिए 6,458 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

Categories: राष्ट्रीय समाचार केंद्रीय बजट 2024-25