Hindi Patrika

त्रिपुरा को दूसरा मणिपुर नहीं बनने देंगे : गौरव गोगोई

Published on July 20, 2024 by Vivek Kumar

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी पंचायत चुनावों को लेकर हिंसा से जूझ रहे त्रिपुरा को दूसरा मणिपुर नहीं बनने देगी। लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस इस कठिन समय में अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और त्रिपुरा के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस भाजपा की आतंकी रणनीति के आगे नहीं झुकेगी। कांग्रेस नेता ने कहा, हमने अपने दौरे के दौरान त्रिपुरा में जो देखा, उससे पार्टी आलाकमान को अवगत कराएंगे। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि भारत लोकतंत्र की जननी है, लेकिन हमने यहां जो देखा वह लोकतंत्र की हत्या से कम नहीं है। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस को संदेह है कि त्रिपुरा को दूसरा मणिपुर बनाने की कोई चाल है।

Categories: राज्य समाचार