आम तौर पर एयरपोर्ट पर खाने-पीने की चीजें महंगी मानी जाती हैं, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट से सामने आया एक वीडियो इस धारणा को बदलता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे ‘उड़ान यात्री कैफे’ में सिर्फ 10 रुपये की चाय पीते नजर आ रहे हैं।
राघव चड्ढा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि दिल्ली के लिए फ्लाइट से पहले वे मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद ‘उड़ान यात्री कैफे’ पहुंचे थे। वहां उन्होंने 10 रुपये में चाय ली और इस दौरान कई यात्रियों से बातचीत भी की।
उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मैंने मुंबई एयरपोर्ट के उड़ान यात्री कैफे में सिर्फ 10 रुपये में चाय पी। दिल्ली के लिए फ्लाइट से पहले चाय लेने पहुंचा तो वहां कई यात्रियों से बातचीत हुई। सभी बेहद खुश नजर आए और एक ही बात कह रहे थे—जेब पर भारी नहीं, शानदार सर्विस और पैसे वसूल। किफायती एयरपोर्ट खाना मुमकिन है, और ये रहा उसका सबूत।”
वीडियो में राघव चड्ढा कैफे का जायजा लेते और यात्रियों से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग एयरपोर्ट पर इतने कम दाम में चाय मिलने को लेकर हैरानी भी जता रहे हैं।
एयरपोर्ट पर किफायती खाने-पीने की सुविधा लंबे समय से यात्रियों की बड़ी मांग रही है। ऐसे में ‘उड़ान यात्री कैफे’ जैसी पहल को लोग राहत के तौर पर देख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस मॉडल को दूसरे एयरपोर्ट्स पर भी लागू करने की मांग की है।
राघव चड्ढा के इस वीडियो ने एक बार फिर एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि ऐसी सुविधाएं देश के बाकी एयरपोर्ट्स तक कितनी तेजी से पहुंचती हैं।