बॉलीवुड के पावर कपल राजकुमार राव और पत्रलेखा आज माता-पिता बन गए हैं। कपल ने अपनी चौथी शादी की सालगिरह के खास मौके पर फैंस के साथ ये खुशखबरी शेयर की। शनिवार सुबह राजकुमार राव और पत्रलेखा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनके घर एक नन्ही परी ने जन्म लिया है। इस खबर के सामने आते ही फैंस और सेलेब्स दोनों ने कपल को जमकर बधाइयाँ दी हैं।
राजकुमार राव ने पोस्ट में लिखा, “हम चांद पर हैं। भगवान ने हमें हमारी चौथी शादी की सालगिरह पर सबसे बड़ा आशीर्वाद दिया है।” इस बात के सामने आते ही कपल के कमेंट सेक्शन में बधाइयों का तांता लग गया। अभिनेता वरुण धवन ने भी खुशी जताते हुए लिखा— “क्लब में आप दोनों का स्वागत है!”
शादी की सालगिरह पर मिली सबसे बड़ी खुशखबरी
राजकुमार राव और पत्रलेखा की शादी 15 नवंबर 2021 को हुई थी। आज कपल अपनी चौथी वेडिंग एनिवर्सरी मना रहा था, लेकिन उसी दिन उनकी बेटी के जन्म ने इस खुशी को कई गुना बढ़ा दिया। अब यह कपल हर साल अपनी शादी की सालगिरह और बेटी के जन्मदिन का जश्न साथ मनाएगा।
फैंस और सेलेब्स ने की प्यार की बारिश
कपल के माता-पिता बनने की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों की लाइन लग गई। फैंस ने कमेंट्स में लिखा कि यह सालगिरह अब उनके लिए हमेशा यादगार बन गई है। वहीं बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने भी इस नन्ही परी के जन्म पर कपल को दिल से शुभकामनाएँ दी हैं।