Hindi Patrika

नशे में धुत व्यक्ति ने दो पुलिसकर्मियों को जलाने का प्रयास किया, गिरफ्तार

Published on July 7, 2024 by Vivek Kumar

पुणे शहर में नशे की हालत में एक व्यक्ति ने महिला पुलिसकर्मी और उसकी सहकर्मी पर कथित तौर पर आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार की शाम विश्रामबाग पुलिस थाने के समीप घटनास्थल से आरोपी संजय फकीर साल्वे को गिरफ्तार कर लिया। पत्रकारों से बात करते हुए सहायक पुलिस निरीक्षक शैलजा जानकर ने बताया कि हम नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे और आरोपी भी उनमें से एक चालक था। हमने उससे सहयोग का अनुरोध किया, लेकिन वह बहस करने लगा। उसने बाहर जाने का अनुरोध किया और पेट्रोल की एक बोतल ले आया। उसने एक कांस्टेबल और मुझ पर पेट्रोल छिड़का। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी जेब से लाइटर निकाला, लेकिन अन्य पुलिसकर्मियों ने बल का प्रयोग कर उसे रोक दिया। अधिकारी ने बताया कि साल्वे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 132 (सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की और जांच कर रही है।

Categories: राज्य समाचार