Hindi Patrika

पहले दो दिनों में 28 हजार से अधिक लोगों ने अमरनाथ गुफा में दर्शन किए

Published on July 1, 2024 by Vivek Kumar

वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा के दूसरे दिन रविवार को लगभग 15,000 श्रद्धालुओं ने दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। पहले दो दिनों में अमरनाथ गुफा में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या अब 28,000 को पार कर गई है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को 14,717 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। गुफा मंदिर में दर्शन करने वालों में 9,979 पुरुष तीर्थयात्री और 3,439 महिला तीर्थयात्री शामिल थे। एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों, 83 बच्चों और दो ट्रांसजेंडर ने भी तीर्थयात्रा की। यात्रा शनिवार को दो मार्गों से शुरू हुई। अनंतनाग में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक नूनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर छोटे, लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से। बावन दिनों तक चलने वाली यह तीर्थयात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले वर्ष 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किए थे। जम्मू में भूस्खलन के कारण किश्तवाड़-पाडर मार्ग अवरुद्ध : जम्मू संभाग में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के बीच भूस्खलन के कारण किश्तवाड़-पाडर मार्ग अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते आज दोपहर किश्तवाड़ जिले के पथरनाकी के पास किश्तवाड़-पाडर मार्ग प्रभावित हुआ, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। उन्होंने बताया कि सड़क को जल्द से जल्द साफ करने के लिए कई मशीन घटनास्थल पर भेजी गई हैं। जम्मू क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पूरे दिन बादल छाए रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर किश्तवाड़, डोडा, राजौरी, पुंछ, उधमपुर और रामबन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

Categories: राष्ट्रीय समाचार