
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर इसके फाउंडर अभिजीत डिपके ने बड़ा खुलासा किया है। 2029 लोकसभा चुनाव लड़ने और आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि फिलहाल यह एक “युवा आंदोलन” है और आगे का फैसला जनता की राय से लिया जाएगा।
अभिजीत डिपके ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने इस अभियान की शुरुआत मजाक और व्यंग्य के तौर पर की थी, लेकिन अब यह बेरोजगार और नाराज युवाओं की आवाज बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें इतनी बड़ी प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी।
“कॉकरोच जनता पार्टी” पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रही है। पार्टी खुद को “Voice of Lazy and Unemployed” बताती है और मीम्स व सटायर के जरिए राजनीतिक मुद्दों पर निशाना साध रही है।
अरविंद केजरीवाल और AAP से रिश्तों पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिपके ने किसी औपचारिक गठबंधन से इनकार किया, लेकिन कहा कि यह एक ओपन प्लेटफॉर्म है और कोई भी समर्थन कर सकता है। हालांकि कई रिपोर्ट्स में डिपके का AAP की सोशल मीडिया टीम से जुड़ाव बताया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी को कुछ ही दिनों में हजारों लोगों का समर्थन मिला है और इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं।