
कोलकाता में आज पश्चिम बंगाल की राजनीति का ऐतिहासिक दिन है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहली बार राज्य में बीजेपी सरकार बनने जा रही है। शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां देशभर के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर. एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी निमंत्रण भेजा गया है।
दिलीप घोष भी ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
सूत्रों के मुताबिक, दिलीप घोष समेत कई विधायकों को मंत्री पद की शपथ के लिए बुलाया गया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को फोन कर समारोह में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
देशभर के दिग्गज नेता पहुंचे कोलकाता
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं। इनमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, HAM प्रमुख जीतन राम मांझी और आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल हैं।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
कोलकाता पुलिस ने शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है। शुभेंदु अधिकारी के आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं कोलकाता में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है। ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी और मालवाहक वाहनों पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद सरकार गठन
हालिया विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में 15 साल पुराना टीएमसी शासन समाप्त हो गया। बीजेपी अब राज्य में लंबित केंद्रीय योजनाओं और परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।