Hindi Patrika

भारत और रूस के झंडों के रंगों से जगमग हुआ ओस्तांकिनो टीवी टावर

Published on July 9, 2024 by Vivek Kumar

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मास्को की दो दिवसीय यात्रा शुरू करने के बीच रूस की राजधानी के महत्त्वपूर्ण स्थलों में से एक ओस्तांकिनो टेलीविजन टावर भारत और रूस के झंडों के रंगों की रोशनी से जगमगा उठा। ओस्तांकिनी टीवी टावर 1,771 फुट (540 मीटर) ऊंचा है और यह दुनिया का चौथा सबसे ऊंचा और यूरोप का अपनी तरह का सबसे ऊंचा टावर है। इस टावर को 1967 में प्रसिद्ध सोवियत इंजीनियर निकोलाई निकितिन की देखरेख में बनवाया गया था। रूस में सबसे ऊंची स्वतंत्र इमारत के रूप में, यह रूसी प्रसारण का एक प्रसिद्ध प्रतीक है, साथ ही यह मास्को में एक प्रसिद्ध और दर्शनीय स्थल है। इससे पहले, रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की और उनका औपचारिक स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि मांतुरोव हवाई अड्डे से मोदी को उनके होटल तक छोड़ने उनके साथ गए। रूसी राजधानी पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी मोदी का भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने तस्वीरों के साथ 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'मास्को में एक यादगार स्वागत ! मैं भारतीय समुदाय को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देता हूं। यह 2019 के बाद से मोदी की यह पहली रूस यात्रा है। फरवरी 2022 में यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार मोदी रूस की यात्रा पर आए हैं। प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ लेने के बाद भी मोदी की यह पहली मास्को यात्रा है।

Categories: अंतरराष्ट्रीय समाचार