Hindi Patrika

तमिलनाडु बसपा अध्यक्ष की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या

Published on July 6, 2024 by Vivek Kumar

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की शुक्रवार को उनके घर के पास छह लोगों के एक समूह ने हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। दोपहिया वाहन पर हमलावरों ने चेन्नई नगर निगम के पूर्व पार्षद आर्मस्ट्रांग पर पेरम्बूर में उनके घर के पास कुल्हाड़ी से हमला किया और भाग गए। हमले में बसपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय आर्मस्ट्रांग की मौत हो गई। पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, तमिलनाडु ईकाई के अध्यक्ष के. आर्मस्ट्राग की नृशंस हत्या अति-दुःखद व अति- निन्दनीय। पेशे से वकील आर्मस्ट्राग राज्य में दलितों की सशक्त आवाज के रूप में जाने जाते थे. सरकार दोषियों के खिलाफ अविलम्ब सख्त कार्रवाई करे। बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने एक्स पर लिखा, तमिलनाडु बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष और मेरे करीबी मित्र, के. आर्मस्ट्रांग की नृशंस हत्या चौंकाने वाली है। वो तमिलनाडु में दलित समाज की बुलंद और मजबूत आवाज थे। मेरे लिए वो बड़े भाई जैसे थे। मैं इस कायराना और कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं।

Categories: राज्य समाचार तमिलनाडु