
25 मई 2026 से शुरू हो रहा नौतपा इस बार बेहद खास माना जा रहा है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, नौतपा के दौरान सूर्य की तपिश अपने चरम पर रहती है और इसका असर घर की ऊर्जा, धन और सुख-समृद्धि पर भी पड़ता है। इस साल नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा।
वास्तु शास्त्र के अनुसार नौतपा के 9 दिनों में घर में अग्नि तत्व बढ़ जाता है, जिससे आर्थिक परेशानियां और नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है। ऐसे में कुछ आसान उपाय आपके घर में धन और पॉजिटिव एनर्जी ला सकते हैं।
उत्तर दिशा में रखें मिट्टी का मटका
वास्तु के अनुसार घर की उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा में पानी से भरा मिट्टी का मटका रखना बेहद शुभ माना गया है। उत्तर दिशा को कुबेर की दिशा कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिशा में भरा हुआ मटका रखने से धन का प्रवाह बढ़ता है और आर्थिक तंगी दूर होती है। ध्यान रखें कि मटका कभी खाली न रहे।
मुख्य द्वार पर करें जल छिड़काव
सुबह घर के मुख्य द्वार की सफाई करके तांबे के लोटे से थोड़ा पानी छिड़कें। वास्तु मान्यता के अनुसार इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और मां लक्ष्मी का आगमन होता है।
पक्षियों के लिए रखें पानी
नौतपा की भीषण गर्मी में छत या बालकनी के उत्तर-पूर्व कोने में पक्षियों के लिए पानी और दाना रखें। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार इससे राहु-केतु और शनि के अशुभ प्रभाव कम होते हैं और रुका हुआ धन वापस आने के योग बनते हैं।
हल्के रंगों का करें इस्तेमाल
इन दिनों घर में सफेद, क्रीम, हल्का नीला या हल्का हरा रंग इस्तेमाल करना शुभ माना जाता है। वास्तु के अनुसार हल्के रंग तनाव कम करते हैं और सकारात्मक माहौल बनाते हैं।
घर में लगाएं हरे-भरे पौधे
मनी प्लांट, स्नेक प्लांट और एलोवेरा जैसे पौधे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखते हैं। मान्यता है कि नौतपा में ये पौधे आर्थिक स्थिरता और खुशहाली बढ़ाते हैं।
नौतपा क्यों माना जाता है खास?
ज्योतिष के अनुसार जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं तब नौतपा शुरू होता है। इन 9 दिनों में गर्मी सबसे अधिक पड़ती है और इसे मानसून के संकेतों से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि नौतपा जितना तपता है, बारिश उतनी अच्छी होती है।