भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी करने के बाद सभी 10 फ्रेंचाइजी के लिए नई और सख्त गाइडलाइन जारी की हैं।
हाल ही में BCCI ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 16 दिनों और 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया था। बाकी मुकाबलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ राज्यों में होने वाले चुनाव और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण हवाई यात्रा प्रभावित होने की आशंका है, इसलिए पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल फिलहाल जारी नहीं किया गया है।
28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल 2026

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा। शुरुआती शेड्यूल में कुल 20 मुकाबले और 4 डबल हेडर मैच शामिल किए गए हैं।
फ्रेंचाइजी के लिए BCCI की सख्त गाइडलाइन
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार BCCI ने सभी टीमों को अभ्यास को लेकर कई अहम निर्देश दिए हैं।
कोई भी टीम उस पिच पर अभ्यास नहीं कर सकेगी जिसका इस्तेमाल प्रतिद्वंद्वी टीम ने अपने नेट सेशन में किया हो।
यदि दोनों टीमें एक के बाद एक अभ्यास करती हैं तो नई पिचें आवंटित की जाएंगी।
एक टीम के नेट का इस्तेमाल दूसरी टीम थ्रो-डाउन के लिए भी नहीं कर सकेगी।
यदि कोई टीम अपना अभ्यास जल्दी समाप्त कर देती है तो दूसरी टीम को उसकी रेंज-हिटिंग विकेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।
अंडर लाइट प्रैक्टिस मैच के नियम
BCCI के अनुसार यदि कोई टीम अंडर लाइट अभ्यास मैच खेलना चाहती है तो मैच की अवधि साढ़े तीन घंटे से अधिक नहीं होनी चाहिए।
हर टीम अधिकतम दो अभ्यास मैच खेल सकती है।
इसके लिए पहले BCCI को सूचित करना अनिवार्य होगा।
अभ्यास मैच उस पिच पर नहीं खेले जाएंगे जिसका उपयोग मुख्य मुकाबले के लिए होना है।
मुख्य मैदान पर अभ्यास पर भी रोक
सीजन के लिए पिच तैयार करने के लिए BCCI ने साफ किया है कि किसी भी फ्रेंचाइजी के पहले घरेलू मैच से चार दिन पहले तक मुख्य मैदान पर कोई अभ्यास सत्र या अभ्यास मैच नहीं खेला जा सकता।
इस अवधि के दौरान यदि घरेलू फ्रेंचाइजी अनुरोध करती है तो राज्य क्रिकेट संघ को बिना किसी फीस के एक वैकल्पिक अभ्यास मैदान उपलब्ध कराना होगा।
दोनों टीमों को मिलेंगे 2-2 नेट
BCCI के निर्देश के अनुसार दोनों टीमों को अभ्यास के लिए दो-दो नेट और मुख्य मैदान पर रेंज हिटिंग के लिए एक अतिरिक्त नेट दिया जाएगा।
अभ्यास कार्यक्रम को लेकर विवाद होने की स्थिति में मेहमान टीम को प्राथमिकता दी जा सकती है, खासकर अगर उसने पिछले दिन मैच खेला हो या लंबी यात्रा करके आई हो।