अवैध निर्माण पर लगातार नोटिस, लेकिन कार्रवाई शून्य
अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब पर दिसंबर 2023 से ही अवैध निर्माण, पर्यावरण उल्लंघन और सुरक्षा खामियों को लेकर शिकायतें होती रहीं। पंचायत ने जनवरी 2024 से लेकर मार्च 2024 तक कई बार नोटिस जारी कर पूरे ढांचे को गिराने का आदेश दिया, लेकिन क्लब खुला रहा और पार्टियां बदस्तूर चलती रहीं।
राजस्व व पर्यावरण विभाग ने भी जताई थी आपत्ति
क्लब की जमीन को कृषि क्षेत्र से व्यावसायिक गतिविधियों में बदल दिया गया था। पार्किंग और वाटर स्पोर्ट्स के नाम पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया। पर्यावरण प्राधिकरण ने भी जलाशय पर बने कंक्रीट ढांचे और चार मंजिला इमारत को नियमों के खिलाफ बताया था, लेकिन किसी विभाग ने कार्रवाई नहीं की।
लूथरा बंधु फरार, पासपोर्ट रद्द होने की तैयारी
हादसे के तुरंत बाद क्लब मालिक सौरभ और गौरव लूथरा 7 दिसंबर की सुबह मुंबई से फुकेट (थाईलैंड) भाग निकले। इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब उनके पासपोर्ट रद्द होने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने फुकेट में ठहरने के बाद दुबई के लिए रवाना होने की कोशिश की, लेकिन उनकी सटीक लोकेशन अभी स्पष्ट नहीं है।
गोवा में दूसरे क्लब पर बुलडोज़र, कई गिरफ्तारियाँ
लूथरा भाइयों के वैगेटर स्थित दूसरे क्लब रोमियो लेन वैगेटर को भी गैरकानूनी निर्माण के चलते ढहा दिया गया। वहीं क्लब से जुड़े कई मैनेजरों और अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। ऑपरेशन हेड भरत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य करीबी सुरिंदर खोसला की अब भी तलाश जारी है।
6 दिसंबर की रात 25 लोगों की जान गई
अरपोरा के इस क्लब में 6 दिसंबर की आधी रात लगी आग ने 25 लोगों, जिनमें 5 पर्यटक भी शामिल थे, की जान ले ली। क्लब में फायर सेफ्टी के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं थी। 20 लोगों की मौत तो बेसमेंट में धुआं भरने और दम घुटने से हुई। हादसा होने के बावजूद मालिकों का देश छोड़कर भाग जाना पूरे मामले को और गंभीर बनाता है।
देश–विदेश में 25 से अधिक प्रॉपर्टीज़
लूथरा बंधुओं की दिल्ली, गोवा, मुंबई और दुबई में 25 से अधिक प्रॉपर्टीज़ हैं और कई नए प्रतिष्ठानों पर काम चल रहा था। नोएडा की गौर सिटी में भी रोमियो लेन का नया क्लब खोला जाने वाला था