साल 2026 भारतीय सिनेमा के लिए बेहद खास होने वाला है। हिंदी फिल्मों के साथ साथ साउथ इंडियन सिनेमा भी बड़े पैमाने पर दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में है। यश, प्रभास, विजय जोसेफ, राम चरण और रजनीकांत जैसे दिग्गज सितारों की फिल्में अगले साल रिलीज होंगी, जिनसे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की उम्मीद की जा रही है।

सबसे पहले बात करते हैं प्रभास की फिल्म दी राजा साब की, जो एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म में प्रभास अपने पुश्तैनी हवेली में लौटते हैं, जहां उनका सामना अपने दादा के भूत से होता है। संजय दत्त दादा के किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म 9 जनवरी 2026 को रिलीज होगी और साल की पहली बड़ी साउथ रिलीज मानी जा रही है।
इसी दिन विजय जोसेफ की फिल्म जन नायगन भी रिलीज होगी। यह विजय जोसेफ की आखिरी फिल्म बताई जा रही है, जिसके बाद वे राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। फिल्म एक सोशल ड्रामा है, जिसमें विजय भ्रष्ट व्यवस्था से लड़ते नजर आएंगे। बॉबी देओल इसमें मुख्य विलेन की भूमिका निभा रहे हैं।
KGF के बाद यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म Toxic भी 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। यह एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें ड्रग रैकेट की कहानी दिखाई जाएगी। कहा जा रहा है कि यश इस फिल्म में काफी गहराई से जुड़े हुए हैं और उन्होंने कुछ सीन खुद भी डिजाइन किए हैं। फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी।
नानी की फिल्म द पैरेडाइस भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है। यह फिल्म 1980 के दशक में सेट है और जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष की कहानी दिखाती है। नानी का ग्रिटी अवतार पहले ही दर्शकों को प्रभावित कर चुका है। फिल्म 26 मार्च 2026 को रिलीज होगी।
राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म पेद्दी भी 2026 की बड़ी रिलीज में शामिल है। यह फिल्म 1980 के दशक के ग्रामीण परिवेश पर आधारित है, जहां राम चरण एक दबंग और जुझारू किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में राजनीति और सामाजिक संघर्ष की झलक देखने को मिल सकती है।
प्रभास की एक और बड़ी फिल्म फौजी स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें प्रभास एक स्वतंत्रता सेनानी के किरदार में दिखाई देंगे। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी और पहला पार्ट अगस्त 2026 में आने वाला है।
इसके अलावा जय हनुमान और जेलर 2 जैसी फिल्में भी 2026 में दर्शकों को बड़े पर्दे पर एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। ऋषभ शेट्टी हनुमान के रूप में नजर आएंगे, जबकि जेलर 2 में रजनीकांत एक बार फिर अपने दमदार अवतार में लौटेंगे।
कुल मिलाकर साल 2026 साउथ इंडियन सिनेमा के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है, जहां बड़े सितारे, बड़े बजट और दमदार कहानियां बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त असर डालेंगी।