
बिहार के गोपालगंज की रहने वाली सोनी कुमारी, जो हर दिन करीब 2 किलोमीटर का संघर्ष तय कर स्कूल पहुंचती थी, अब उसे बड़ी राहत मिल गई है। जिला प्रशासन की ओर से उसे ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई है, जिससे अब उसका स्कूल जाना आसान हो जाएगा।
दरअसल, इस मामले को मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया के जरिए उठाया था। उन्होंने सोनी कुमारी की स्थिति पर ध्यान दिलाया और उसकी मदद की अपील की। इसके बाद जिला प्रशासन ने पहल करते हुए सोनी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई।
मैथिली ठाकुर ने इस मदद पर खुशी जताते हुए कहा कि सोनी कुमारी को ट्राइसाइकिल मिल चुकी है। उन्होंने गोपालगंज के जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया। साथ ही सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति को नमन करते हुए सोनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब ट्राइसाइकिल मिलने से सोनी कुमारी के लिए रोजाना स्कूल जाना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा और वह अपनी पढ़ाई बिना किसी बड़ी परेशानी के जारी रख सकेगी।