
भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। पूर्व जज और ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह से CBI लगातार पूछताछ कर रही है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद CBI टीम उनके घर पहुंची, जिसके बाद गिरफ्तारी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, CBI की टीम गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित घर पर पहुंची और कई घंटों तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने घर के अंदर 3D कैमरों से वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एजेंसी केस से जुड़े सबूतों और बयानों का मिलान कर रही है।
CBI ने हाईकोर्ट में कहा था कि ट्विशा शर्मा को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई थी और उनके शरीर पर चोट के निशान मिले थे, जिनका स्पष्ट जवाब अब तक नहीं दिया गया। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की छवि खराब करने की कोशिश की।
इससे पहले हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करते हुए कहा था कि मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए CBI को कस्टोडियल पूछताछ की जरूरत पड़ सकती है। कोर्ट के फैसले के बाद एजेंसी की कार्रवाई और तेज हो गई।
ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई 2026 को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। परिवार ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए थे, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बताता रहा। बाद में मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया और जांच CBI को सौंप दी गई।