
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। बीरभूमि इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मुख्य बातें
सेंट्रल फोर्स ने बढ़ाई गश्त
स्थानीय लोगों में दहशत
कोलकाता
बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। यह बरामदगी बीरभूमि जिले के नलहाटी थाना क्षेत्र के कदासिर गांव से हुई है।
ग्रामीणों ने विस्फोटकों से लदे एक ट्रैक्टर को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर तस्करी के दौरान इलाके से गुजर रहा था। ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने वाहन को रोका। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे रोक लिया।
जांच के दौरान ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित विस्फोटकों को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान में लगभग 10000 जिलेटिन स्टिक और 360 डेटोनेटर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि चुनाव से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी हो सकती थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोटक कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
घटना के बाद केंद्रीय बलों ने इलाके में गश्त तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय कदासिर गांव की सड़क से ट्रैक्टर गुजर रहा था। शक होने पर लोगों ने उसे रोका। इसके बाद विस्फोटक मिलने की जानकारी सामने आई और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।