
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब भारत के ईंधन बाजार पर भी दिखने
लगा है। तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2 रुपये से 2.30 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें आज से देशभर में लागू हो गई हैं।
हालांकि आम उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है, क्योंकि साधारण पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी असर फिलहाल सिर्फ प्रीमियम फ्यूल इस्तेमाल करने वाले वाहन मालिकों पर पड़ेगा।
तेल कंपनियों के इस फैसले को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और युद्ध जैसे हालात से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अगर वैश्विक तनाव लंबे समय तक बना रहा, तो आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है।
फिलहाल कंपनियों ने केवल प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं, लेकिन बाजार की नजर अब इस बात पर है कि क्या आगे चलकर सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बदलाव किया जाएगा।