
झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहड़वा प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो दुमका की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नंदन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी गुरुवार को प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बरहड़वा प्रखंड डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष सह जन वितरण प्रणाली दुकानदार मो. आलमगीर से हर महीने 50 हजार रुपये जुटाकर देने की मांग की जा रही थी। इसको लेकर मो. आलमगीर ने एसीबी दुमका से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय पहुंचकर 40 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने नंदन कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर दुमका ले जाया गया। इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो दुमका थाना में केस दर्ज किया गया है।
नंदन कुमार की नौकरी को लेकर भी यह मामला चर्चा में है, क्योंकि उनकी ज्वाइनिंग को अभी करीब दो महीने ही हुए थे। उनका चयन सीजीएल 2023 परीक्षा के जरिए हुआ था और बरहड़वा प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के तौर पर यह उनकी पहली पोस्टिंग थी।
नंदन कुमार दुमका के शिवापहाड़ के रहने वाले बताए जाते हैं। उनके पिता महेंद्र साह पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि उनके बड़े भाई चंदन कुमार राजस्व उपनिरीक्षक हैं।
इस कार्रवाई के बाद बरहड़वा प्रखंड मुख्यालय में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।