
धुरंधर 2 में अपने शानदार अभिनय से तारीफ बटोर रहे अभिनेता गौरव गेरा ने एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद अब जाकर उन्हें वह पहचान मिली है, जिसका वे सालों से इंतजार कर रहे थे।
गौरव गेरा ने एक चिट्ठी के जरिए अपने दिल की बात लिखी। उन्होंने कहा कि पिछले 28 सालों में उन्होंने लोगों को हंसाने और एंटरटेन करने के लिए बहुत कुछ किया। रील बनाई, टिकटॉक वीडियो बनाए और हर संभव मंच पर खुद को साबित करने की कोशिश की, लेकिन अब धुरंधर 2 ने उन्हें एक अलग पहचान दी है।
अपने पोस्ट में गौरव ने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि यह सफर आसान नहीं था। लंबे समय तक मेहनत करने के बाद आज जो प्यार और सराहना मिल रही है, वह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने माना कि यह पहचान देर से मिली, लेकिन जब मिली तो दिल को छू गई।
धुरंधर 2 में उनके अभिनय को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई फैंस का कहना है कि गौरव गेरा ने इस किरदार में नई जान डाल दी है।
गौरव गेरा का यह पोस्ट उन लोगों के लिए भी प्रेरणा माना जा रहा है, जो लंबे समय से अपने सपनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका मानना है कि मेहनत का फल भले देर से मिले, लेकिन अगर कोशिश जारी रहे तो पहचान जरूर मिलती है।