
हैदराबाद में 21 वर्षीय युवा यूट्यूबर बोनू कोमाली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ घंटे पहले उसने कुवैत में काम कर रही अपनी मां को भावुक संदेश भेजा था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 1 बजकर 34 मिनट पर कोमाली ने अपनी मां बी सत्य वरलक्ष्मी को मैसेज किया था, जिसमें लिखा था कि वह उनसे बहुत प्यार करती है और छोटे भाई का अच्छे से ख्याल रखने की बात कही थी। मैसेज के बाद फोन बंद होने से मां को चिंता हुई। कई बार कॉल करने पर जब संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने कोमाली की दोस्त को इसकी जानकारी दी।
दोपहर करीब 3 बजे दोस्त उसके फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां कोमाली का शव छत के पंखे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
कोमाली आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली थी और पिछले करीब 11 महीनों से हैदराबाद में अकेले रह रही थी। वह एक प्राइवेट कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह पार्ट टाइम यूट्यूब पर लाइफस्टाइल और पर्सनल वीडियो भी बनाती थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोमाली पिछले तीन वर्षों से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिश्ते में थी। हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हुआ था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। पुलिस का मानना है कि भावनात्मक तनाव और लव फेलियर इस घटना की मुख्य वजह हो सकती है।
बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले भी कोमाली ने आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार ने समय रहते उसे बचा लिया था। इस बार वह अकेली थी और कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था।
पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ओस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेजा गया है। पुलिस मोबाइल फोन, मैसेज, कॉल रिकॉर्ड और दोस्तों व परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा है, तो समय पर मदद लेना बेहद जरूरी है। सरकार की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन और विशेषज्ञों से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।