लखनऊ
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के सांसद पंकज चौधरी को रविवार को भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसकी आधिकारिक घोषणा केंद्रीय मंत्री और भाजपा चुनाव प्रभारी पियूष गोयल ने की।
पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ हुआ पदभार ग्रहण
पदभार ग्रहण समारोह पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन किया गया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पंकज चौधरी को पार्टी का झंडा सौंपकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी।
राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का भी हुआ चुनाव
प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही भाजपा ने उत्तर प्रदेश से 120 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव भी पूरा किया। इनमें राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह और भूपेंद्र चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में अहम भूमिका निभाते हैं।
ओबीसी रणनीति का अहम चेहरा
महाराजगंज से सात बार सांसद रह चुके पंकज चौधरी एक प्रमुख कुर्मी नेता हैं। उनकी नियुक्ति को भाजपा की अन्य पिछड़ा वर्ग के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कुर्मी समाज के एक वर्ग में नाराजगी की चर्चा के बाद यह फैसला अहम माना जा रहा है।
वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन
पंकज चौधरी की नियुक्ति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना और पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिला।
महाराजगंज से पहुंचे समर्थक
नामांकन के समय पंकज चौधरी के गृह जनपद महाराजगंज से बड़ी संख्या में समर्थक लखनऊ एयरपोर्ट और भाजपा कार्यालय पहुंचे। आयोजन के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।