Rice Dhokla: अगर आप भी ऐसी रेसिपी की तलाश में हैं जिसे बनाने में कम तेल और मसालों का इस्तेमाल किया गया हो, तो आप चावल से बना ढोकला ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
ढोकला एक गुजराती डिश है जिसे आमतौर पर बेसन से तैयार किया जाता है। अगर आप बेसन के ढोकले से हटकर कुछ नया फ्लेवर ट्राई करना चाहते हैं, तो कच्चे चावल से बना ढोकला बना सकते हैं। इसे आप सुबह या शाम के नाश्ते में बना सकते हैं। ढोकला को चटनी के साथ सर्व किया जा सकता है। कच्चे चावल से ढोकला बनाने की रेसिपी कंटेंट क्रिएटर नूपुर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट my_kitchenn_diaries पर शेयर की है।

### ढोकला बनाने के लिए सामग्री
चावल – 1 कप
सूजी – एक चौथाई कप
दही – 1 कप
नमक – स्वादानुसार
चीनी – 1 छोटा चम्मच
जीरा – 1 छोटा चम्मच
अदरक – 1 चम्मच बारीक कटा हुआ
राई
हरी मिर्च – 1 से 2
तेल – 2 छोटे चम्मच
ईनो या बेकिंग सोडा – एक चौथाई छोटा चम्मच
करी पत्ता – 7 से 8
हरा धनिया – एक मुट्ठी बारीक कटा हुआ
### ढोकला बनाने की विधि
ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह 2 से 3 बार धो लें और 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
इसके बाद मिक्सर जार में चावल डालें और इसमें सूजी और दही मिलाकर बारीक पीस लें।
तैयार पेस्ट को एक बर्तन में निकाल लें। अब इसमें नमक, चीनी, अदरक और हरी मिर्च डालें। इसके बाद जीरा और एक चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
अब जिस बर्तन में ढोकला बनाना है उसमें पार्चमेंट पेपर लगा लें।
इसके बाद घोल में बेकिंग सोडा या ईनो और थोड़ा पानी डालकर मिक्स करें। इस घोल को बर्तन में डाल दें और 10 से 15 मिनट तक स्टीम करें।
स्टीम होने के बाद इसे बाहर निकालकर ठंडा होने दें और चाकू की मदद से छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब तड़का तैयार करें। इसके लिए एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। फिर ढोकला के टुकड़े डालकर हल्का सा टॉस करें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सर्व करें।