नवरात्रि व्रत के दौरान अगर आप घर पर कुछ हल्का और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो साबूदाना की नमकीन एक बेहतरीन विकल्प है। खास बात यह है कि इस रेसिपी में न तो साबूदाना भिगोने की जरूरत है और न ही उबालने की। आप सिर्फ 15 से 20 मिनट में इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं।

साबूदाना नमकीन बनाने के लिए सामग्री
2 कप मोटा साबूदाना
2 बड़े आलू
आधा कप मूंगफली
काजू और बादाम
मखाना
किशमिश
करी पत्ता
हरी मिर्च
सेंधा नमक
काली मिर्च
थोड़ी पिसी चीनी
तेल या घी फ्राई करने के लिए
बनाने की विधि
पहला स्टेप
सबसे पहले आलू को धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें। कद्दूकस किए हुए आलू को 2 से 3 बार पानी से धो लें ताकि उसका स्टार्च निकल जाए। इसके बाद आलू को कपड़े पर फैलाकर थोड़ा सूखा लें।
दूसरा स्टेप
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और तेज आंच पर आलू को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें।
तीसरा स्टेप
अब उसी तेल में साबूदाना डालकर थोड़ा-थोड़ा करके फ्राई करें। साबूदाना तेल में डालते ही फूलने लगता है, इसलिए सावधानी रखें। इसके बाद मखाना, मूंगफली, काजू और बादाम को अलग-अलग हल्का भून लें। करी पत्ता भी थोड़ा तेल डालकर भून लें।
चौथा स्टेप
अब एक बड़े बर्तन में साबूदाना, फ्राई किए आलू, मखाना, मूंगफली, काजू, बादाम, करी पत्ता और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च और स्वाद के अनुसार थोड़ी पिसी चीनी डाल दें।
अब आपकी साबूदाना नमकीन तैयार है। इसे ठंडा करके कांच के जार में स्टोर करें। यह लंबे समय तक चलती है और व्रत में खाने के लिए एकदम परफेक्ट है।
यह साबूदाना नमकीन न सिर्फ बनाने में आसान है, बल्कि खाने में भी बेहद स्वादिष्ट और क्रिस्पी होती है। नवरात्रि के व्रत में आप इसे रोज खा सकते हैं।